दिल्ली में कोरोना ने बरपाया कहर, मई के बाद सबसे ज्यादा केस; गहराया संकट
दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 1313 नए मामले सामने आए हैं. यह आंकड़ा 26 मई के बाद से अब तक का सर्वाधिक है.
दिल्ली में कोरोना के 3,081 सक्रिय मामले
इस दौरान 423 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं. सक्रिय मामलों की बात करें तो यह 3,081 है. दिल्ली में कोरोना के मामलों में अचानक बड़ा उछाल हुआ है. कल बुधवार की तुलना में इसमें करीब 42% बढ़ोतरी देखने को मिली है. बता दें कि दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर कई पाबंदियां जारी की गई हैं.
मेट्रो में कम की गई यात्रियों की संख्या
दिल्ली में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए आज गुरुवार को बड़ा फैसला लिया है. दिल्ली मेट्रो ने पाबंदियां बढ़ाते हुए आठ कोच वाली मेट्रो में यात्रियों की संख्या बेहद कम कर दी है. आठ कोच वाली मेट्रो में अब एक बार में सिर्फ 200 यात्री ही यात्रा कर सकेंगे. पाबंदियां न लगी हों तो मेट्रो में एक बार में 2400 यात्री सफर कर सकते हैं.
यह भी पढ़ेंः रेलवे ने बदल दिया यह जरूरी नियम! जानें आपके लिए क्यों अहम है ये जानकारी
देश में ओमिक्रॉन के 961 केस
देश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं. देश में अब तक ओमिक्रॉन के 961 मामले सामने आ चुके हैं. इनमें से 320 मरीज ठीक भी हो चुके हैं. ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा केस दिल्ली में सामने आए हैं. यहां अब तक 263 केस मिल चुके हैं. दिल्ली में ओमिक्रॉन के 57 मरीज ठीक भी हुए हैं. वहीं, महाराष्ट्र में अब तक 252 केस मिले हैं. गुजरात में ओमिक्रॉन के 97, राजस्थान मे 69, केरल में 65, तेलंगाना में 62, तमिलनाडु में 45, कर्नाटक में 34, आंध्र में 16, हरियाणा में 12, बंगाल में 11, मध्यप्रदेश में 9, ओडिशा में 9, उत्तराखंड में 4, छत्तीसगढ़ में 3, जम्मू कश्मीर में 3, उत्तर प्रदेश में 2, गोवा में 1, हिमाचल में 1, लद्दाख में 1, मणिपुर में 1, पंजाब में 1 केस सामने आया है.